|

समस्याओं को लेकर रखी भूख हड़ताल


करनाल, जागरण संवाद केंद्र :
इंडियन बहुजन संदेश पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर की कालोनियों की समस्याओं के मुद्दे पर जिला सचिवालय के समक्ष एक दिन की भूख हड़ताल रखी। कार्यकर्ताओं ने जनसुविधाओं को लेकर प्रशासन की अनदेखी बारे उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजा है।
भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को संबोधित करते हुए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कांता आलडि़या ने कहा कि प्रदेश में सरकार व प्रशासन की स्थिति लचर और बेकार हो चुकी है। लोगों को मजबूरन भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा है। प्रशासन और सरकार ने यदि इन कालोनियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो लोग सड़कों पर आकर लड़ाई लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि पाल नगर, रामनगर, हकीकत नगर और शिव कालोनी में समस्याओं के अंबार लगे हैं। बिजली-पानी की उचित व्यवस्था नहीं तो पानी निकासी का इंतजाम नहीं। कच्ची गलियां बरसात के दिनों में कीचड़ से भर जाती है। लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं और यहां के विधायक सिर्फ राजनीति करते हैं। इंडियन बहुजन संदेश पार्टी लोगों के हक दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। गांवों में पात्र लोगों को सौ-सौ गज के प्लॉट नहीं दिए जा रहे। लोग प्लाटों के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। आखिर यह अनदेखी कब तक बर्दाश्त होगी।
कांता आलडि़या ने काले धन के मुद्दे पर बाबा रामदेव के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में जो खेल खेला गया उसने जलियांवाले बाग की घटना को दोहराया है। निहत्थे लोगों, महिलाओं और बच्चों पर आंसू गैस, गोले और लाठीचार्ज की घटना देश के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भारत का जो धन विदेशी बैंकों में है वह वापस लाना चाहिए। धन जमा कराने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करके उनकी संपत्ति जब्त की जाए।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केदार नाथ शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश लठवाल, रामेश्वर हाबड़ी, कर्मपाल चोपड़ी, सुनील दहिया, प्रदेश अध्यक्ष करनैल सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कश्यप, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा राणा, शिवचरण सैनी, रामकिशन मेहरा, कृष्ण माजरा, राजू कौल, जिलाध्यक्ष रामेश्वर पाल, राजू प्रोचा, बलविंद्रं कंदरौली, नोनिहाल सिंह, गीता, नरेश, श्रवण, कृष्णा काछवा और रामकरण बालू मौजूद रहे।

Posted by City on 22:40. Filed under . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

Blog Archive

Recently Commented

Recently Added

Total Pageviews