सुरक्षा के लिए सराफा व्यापारी डीसी से मिली


करनाल, : बिजली समस्या हल करने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सराफा बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी से मुलाकात की। व्यापारियों ने उपायुक्त के समक्ष समस्याएं रखते हुए समाधान कराने की गुहार लगाई। उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि समस्याओं पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
सराफा व्यापारी रमेश सरीन, कुलयश, शिवनारायण, मुकेश, जगदीश, राजीव, अंशुल आदि ने बताया कि सराफा बाजार में एक दिन में 38 कट लगने से दुकानदार परेशान हैं। भीषण गर्मी में कर्मचारियों को परेशानी होती है। बिजली आने-जाने का कोई समय निश्चित नहीं है। कई बार वोल्टेज इतना कम आता है कि सीएफएल टिमटिमाते नजर आते हैं। ऐसे में रात को बाजार में आपराधिक वारदात होने का खतरा रहता है।
व्यापारी विद्युत निगम के एसई रामकुमार से मिले और उन्हें बिजली समस्या के बारे में अवगत कराया। एसई ने आश्वासन दिया कि वे बाजार में जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। दुकानदारों ने एसई को बताया कि नए ट्रांसफार्मर लगाकर ही समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। सराफा बाजार में बिजली की भारी समस्या है। एसई ने शाम के समय बाजार में व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और हल कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुशील, अश्विनी, तरुण, रिपू धवन, सचिन, विनोद, संजय, अवदेश, पुनीत, नंदलाल, सतीश, मंटू, धीरज आदि मौजूद थे।

08:08 | Posted in , | Read More »

वोडाफोन ने करनाल और कुरुक्षेत्र में पेश की 3जी सेवाएं


करनाल, जासंकें : वोडाफोन एस्सार लिमिटेड ने अपनी 3जी सेवाओं में विस्तार की घोषणा करते हुए करनाल और कुरुक्षेत्र में सेवाएं प्रदान की हैं। कंपनी के हरियाणा सीईओ इशमीत सिंह ने बताया कि वोडाफोन 3जी सेवाएं उपभोक्ताओं को उमदा सेवाओं का नया अनुभव देंगी। उन्हें इंटरनेट की तेज स्पीड का अहसास होगा और तेजी से मनोरंजन प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों को सेवाओं संबंधी जानकारी देने के लिए वोडाफोन ने करनाल और कुरुक्षेत्र में चुने स्टोरों पर सुविधा केंद्र स्थापित किए हैं। यह केंद्र ग्राहकों को तकनीकी की पूरी जानकारी देंगे। इन जोनों पर ग्राहक वीडियो काल, तेज स्पीड इंटरनेट व अन्य सेवाओं का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 3जी उत्पादों की दरें 103 रुपये से शुरू होती हैं तथा ग्राहकों को डाटा प्लस कांबो प्लान चुनने की सुविधा होगी। इसके साथ ही आकर्षक ब्राडबैंड 3जी स्कीमें भी व्यापारिक रेंज में अपना पसंद वाला प्लान चुनने की सुविधा होगी, जो 653 रुपये की कीमत से शुरू होते हैं। इसके अलावा ग्राहक टोल फ्री 116 नंबर पर फोन कर 3जी सेवाएं और डाटा सुविधा संबंधी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

08:07 | Posted in | Read More »

दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज


करनाल : शिव कालोनी की रहने वाली कुसुमलता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर इसराना निवासी उसके पति सुखविंद्र सिंह, ससुर नफे सिंह, सास रिसालो, ननद अनीता और पधाना निवासी लख्मीचंद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुसुमलता का कहना है कि 21 मार्च, 2010 को उसकी शादी सुखविंद्र सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसे और दहेज लाने के लिए तंग किया जाता रहा और पिटाई की गई।
मोटरसाइकिल चालक पर मामला दर्ज
करनाल : सेक्टर 12 में हुई मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो युवक घायल हो गए थे। यह हादसा 6 जून को हुआ था। शाहबाद निवासी जसविंद्र और रामनगर निवासी मनोज मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई, जिसमें दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने जसविंद्र सिंह की शिकायत पर मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्रक चालक नामजद
करनाल : जीटी रोड पर बसताड़ा चौक के समीप ट्रक से कार को टक्कर लग गई। उसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दिल्ली निवासी अमित कुमार की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अमित कुमार का कहना है कि मंगलवार को बसताड़ा चौक के समीप उसकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीटने में तीन नामजद
करनाल : मोहदीनपुर गांव निवासी सुरेश कुमार ने गांव के ही तीन लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रणजीत, कुलवंत और जग्गी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सुरेश का आरोप है कि 29 अप्रैल की सुबह उन लोगों ने लाठी से पीट दिया था।
13 किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू
करनाल : काछवा फार्म के समीप गश्त के दौरान सीआइए पुलिस ने एक व्यक्ति को 13 किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू किया है। आरोपी रेशम सिंह काछवा गांव का रहने वाला है। मंगलवार को पुलिस ने संदेह के आधार पर जब रेशम सिंह की जांच की, तो उसके पास से चूरापोस्त बरामद हुआ। सीआइए वन पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार की शिकायत पर रेशम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो जुआरी गिरफ्तार
करनाल : फूसगढ़ गांव से पुलिस ने दो व्यक्तियों को ताश के साथ जुआ खेलते काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में फूसगढ़ निवासी बलराम और अनिल शामिल हैं। उन दोनों को गांव में ताश के साथ जुआ खेलते हुए पुलिस ने मंगलवार को धर दबोचा था। उनके कब्जे से नकदी भी बरामद हुई है।

08:05 | Posted in | Read More »

कचरे के ढेर में दफन गली


करनाल, : लाभ सिंह कालोनी की गलियों में लगे कचरे के ढेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। नाले की सफाई का कचरा गलियों में डाल दिया गया है। दो सप्ताह से भी अधिक समय से यह कचरा जस का तस पड़ा है। इसके चलते न केवल रास्ता अवरुद्ध हो गया, बल्कि इस गली में रहने वाले लोगों को वहां रहना मुश्किल हो गया है। परेशान मोहल्लावासियों ने दैनिक जागरण के माध्यम से अपनी समस्या को उजागर किया है।
कालोनीवासी राजकुमार, सतीश कुमार, जतिंद्र सिंह, चमन लाल आदि ने कहा कि गंदे नाले की सफाई 20 दिन पूर्व हुआ था। सफाई के बाद कचरा गलियों में डाल दिया गया। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, लेकिन उसे समय पर नहीं उठाया जा रहा।
अमित कुमार, सुरेश कुमार और देवेंद्र कुमार ने कहा कि रास्ता बंद होने से लोग परेशान हो चुके हैं। इस बाबत मंगलवार को मोहल्ले की महिलाएं नगर निगम कार्यालय गई थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सुबह के समय एक ट्राली कचरा उठाया गया उसके बाद कोई कर्मचारी नजर नहीं आया। सफाई ठेकेदार के कर्मचारी इतने सुस्त हैं कि सफाई कार्य धीमी गति से कर रहे हैं। मोहल्लावासियों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, तो कचरे की बदबू से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इन लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

08:05 | Posted in | Read More »

उपायुक्त ने लिया रेलवे रोड की मरम्मत का जायजा


करनाल,  : उपायुक्त नीलम प्रदीप कासनी ने रेलवे रोड की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का मंगलवार को निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य में प्रयुक्त सामग्री की जाच के लिए नमूने भरवाए। उपायुक्त के साथ नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी सतबीर अहलावत, कार्यकारी अभियंता रमेश मढाण और ठेकेदार सुरेंद्र मेहता थे।
उपायुक्त ने रेलवे रोड पर स्थित रामगढि़या चौक से निरीक्षण शुरू किया और वहा से दो नमूने भराए। उसके बाद एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने से भी नमूने भराए गए। निर्माण इजीनियरों ने बताया कि रेलवे रोड की हालत लंबे समय से खस्ते हाल थी। उपायुक्त ने निगम के खर्चे से उसकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए थे। परिणामस्वरूप 10 दिनों के दौरान उसकी मरम्मत की गई। दो किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 24 घंटे आवागमन रहता है। इस कारण यह अति व्यस्त मार्ग माना जाता है। उसकी मरम्मत पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आई है। उपायुक्त के अनुसार लिए गए नमूनों की सामग्री को प्रयोगशाला में टेस्ट किया जाएगा और उसके बाद ही इसकी गुणवता आकी जाएगी।

08:04 | Posted in | Read More »

ट्राला-टेंपो की टक्कर में छह श्रद्धालु घायल

करनाल : इंद्री रोड पर रंबा के समीप ट्राले से टेंपो में पीछे से टक्कर लग गई, जिससे टेंपो के पलटने से उसमें सवार छह श्रद्धालु घायल हो गए। एक श्रद्धालु की टांग टूट गई है, जबकि पांच को चोटें आई हैं। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। संगोही गांव से मंगलवार को टेंपो में श्रद्धालु रेलवे स्टेशन जा रहे थे। सभी श्रद्धालु गुजरात के सूरत के रहने वाले हैं, जो तीर्थ यात्रा पर निकले हुए थे। सुबह वे टेंपो जा रहे थे, तो रंबा के समीप पीछे से ट्राले से उसमें टक्कर हो गई। टक्कर से टेंपो पलट गया और ट्राला एक अन्य कार से जा टकराया। उसमें श्रद्धालु मंसू भाई, हीरानी वीनू भाई, चिराग भाई, निमिशा, अंकुश और संजीव घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंसू भाई की टांग टूट गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राला चालक सोनीपत के नाहरी निवासी रमेश को गिरफ्तार कर लिया है।

07:59 | Posted in | Read More »

सरकार के बचाव में आए युवक कांग्रेसी


करनाल, जागरण संवाद केंद्र : बाबा रामदेव और भाजपा की ओर से केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों से खिन्न युवा कांग्रेसियों ने रोष जाहिर किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और रामदेव के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेसियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपकर बाबा रामदेव की 11 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की।
युवा कांग्रेसियों के प्रदर्शन का नेतृत्व खेल प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय चेयरमैन सतीश शर्मा ने किया। कार्यकर्ता नगर के मुख्य मार्गो से गुजरे और बाबा रामदेव तथा भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। युवकों ने कहा कि भाजपा योग गुरु की आड़ में अपनी राजनीति चमका रही है। यह भी जाहिर हो रहा है कि बाबा रामदेव को आगे कर भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। इस दौरान पूर्व ब्लाक अध्यक्ष विजय शर्मा, रोशन लाल शर्मा, शंकर शर्मा, जयभगवान वाल्मीकि, अश्विनी शर्मा, डॉ. रणधीर, दविंद्र सिंह आदि मौजूद थे

07:58 | Posted in | Read More »

Blog Archive

Recently Commented

Recently Added

Total Pageviews