50 हजार रुपये से ज्यादा के सभी उपहार आयकर के दायरे में


करनाल,: संशोधित आयकर अधिनियम की धारा 56 के तहत 1 अक्टूबर, 2009 से 50 हजार रुपये से ज्यादा के सभी उपहार आयकर कानून के अंतर्गत कर दायरे में लाए गए हैं। हालांकि उपहार कर सरकार ने 1998 में हटा दिया था। उपहार के रूप में प्राप्त आभूषणों का मूल्यांकन कैसे किया जाता है। इसकी जानकारी दे रहे हैं अखिल भारतीय कर व्यवसायी संघ के सदस्य एडवोकेट शक्ति सिंह।
आयकर अधिनियम में हालांकि मूल्यांकन की कोई विधि नहीं दी गई थी, किंतु अब केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने नियम 11वीए बना दिया है, जो अचल संपत्ति के अलावा अन्य संपत्ति का उचित बाजार मूल्य को तय करता है। इस नियम के अनुसार धारा 56 (2) (7) के तहत मूल्यांकन निम्न प्रकार होता है।
0 अगर आभूषण किसी व्यक्ति या एचयूएफ को मिलता है, डोनर के खरीदने के बाद और डोनर ने रजिस्टर्ड जगह से आभूषण खरीदे तथा उसका बिल भी लिया, तो वह बिल ही आभूषण का मूल्य बन जाएगा।
0 अन्य हालात में अगर आभूषण की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक है तो निर्धारिती रजिस्टर्ड वेल्यूअर के पास जाकर आभूषणों का मूल्य प्राप्त कर सकता है।
इन पर नहीं लगता टैक्स
अगर कोई भी आभूषण किसी व्यक्ति को शादी के समय, रिश्तेदार और संबंधियों से, वसीयत से, उत्तराधिकारी से, किसी रिश्तेदार की मृत्यु पर अथवा किसी स्थानीय प्राधिकरण से प्राप्त होते हैं, तो उन पर टैक्स नहीं लगता।
किसी फंड, फाउंडेशन, विश्वविद्यालय, शिक्षण संस्थान, अस्पताल, अन्य चिकित्सा संस्थान, ट्रस्ट या कोई संस्थान जो धारा 10 (23सी) में आते हैं और किसी ट्रस्ट या संस्थान से, जो धारा 12 ए के तहत रजिस्टर्ड हैं, तो उनसे प्राप्त होने पर भी टैक्स नहीं लगता।
धारा 56 (2) के तहत रिश्तेदार या संबंधी से उपहार के रूप में प्राप्त आभूषण टैक्स फ्री होते हैं, किंतु अगर वह ही आभूषण किसी गैर रिश्तेदार से मिले, तो उस पर टैक्स लगता है।

07:50 | Posted in | Read More »

रंजिश में पीटने का आरोप


करनाल : प्रेमनगर क्षेत्र में रविवार को रंजिश में नवदीप सिंह को कुछ युवकों ने तलवार और गंडासी से हमला कर जख्मी कर दिया। नवदीप को अस्पताल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर प्रेमनगर निवासी शंटी, सन्नी और नवदीप उर्फ दीपू मामला दर्ज किया है।
धारदार हथियार से हमला
करनाल : अशोक नगर क्षेत्र में शीशपाल को दो युवकों ने धारदार हथियारो से हमला कर जख्मी कर दिया। जख्मी शीशपाल का इलाज किया जा रहा है। यह झगड़ा रविवार सुबह हुआ था। पुलिस ने शीशपाल की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद मेरठ के फुगाना निवासी हरेंद्र उर्फ सेठी और रामेश्वर मलिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जुआ खेलते चार काबू
करनाल : हांसी रोड क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर ताश के साथ जुआ खेल रहे चार लोगों को पुलिस ने काबू किया है। पकड़े गए लोगों में हांसी रोड निवासी राजकुमार, मनीष, रामलाल और सोमपाल शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी और ताश बरामद किया है।
दो हुड़दंगी काबू
करनाल : बड़ागांव में शराब पीकर हुड़दंग कर रहे दो युवकों को पुलिस ने काबू किया है। पकड़े गए युवकों ने बड़ागांव निवासी विक्रम और सुलतान शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चूरापोस्त और शराब तस्करी में दो गिरफ्तार
करनाल : नशीले पदार्थो की तस्करी में असंध पुलिस ने अलावला गांव के समीप से ठरवा माजरा निवासी बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। बलबीर के कब्जे से चूरापोस्त बरामद की गई है। थाना सदर पुलिस ने विकास कालोनी निवासी गुरमीत सिंह को शराब की तस्करी में काबू किया है।
चार युवकों पर पीटने का मामला दर्ज
नीलोखेड़ी : गोल मार्केट में शनिवार को तरुण शर्मा और उसके साथियों पर लोहे की राड से हमला कर पर पुलिस ने चार युवकों पर मामला दर्ज किया है। तरुण ने क्षेत्र के संजीव और उसके तीन साथियों पर आरोप लगाया कि वे लोग कार में आए थे और उन्हें पीटकर घायल कर दिया। घायलों में तूषार और धीरज भी शामिल हैं।

07:46 | Posted in | Read More »

गोल्डन लाइफ में जाने को दिल बेकरार


करनाल, जागरण संवाद केंद्र : गोल्डन लाइफ के दरवाजे खुलने को तैयार हैं। करीब एक महीने बाद फिर शुरू होगी मौज-मस्ती की नई कक्षाएं। जिंदगी का मुकाम हासिल करने वाली कहानी। कुछ चुहलबाजी। कैंटीन में दोस्तों के साथ बिताए पल और कभी न भूलने वाला सफर। चूंकि एक महीने के बाद स्कूल लाइफ को अलविदा कहकर कॉलेज लाइफ में प्रवेश मिल जाएगा। टेंशन पसंदीदा कॉलेज में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों के जेहन में है।
शहर में जुलाई की शुरुआत के साथ कॉलेजों की रंगत लौट आएगी। विद्यार्थियों का जमावड़ा शुरू होगा। एडमीशन के लिए भागदौड़ होगी। सिफारिशों का दौर भी चलेगा। यह हर साल का दस्तूर है कि कॉलेजों में शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही सिफारिशी फोन आने शुरू हो जाते हैं, लेकिन वक्त का तकाजा यह हो गया है कि छात्र इतने जागरूक हैं कि एक भी गलत एडमीशन पर वह उखड़ जाते हैं। उन्हें पूरी तरह से मालूम रहता है कि उससे कम अंक हासिल करने वाले छात्र उसे पछाड़ कैसे दाखिला ले सकता है।
राजकीय महाविद्यालय, राजकीय महिला महाविद्यालय, डीएवी कॉलेज, केवीए डीएवी महिला कॉलेज, गुरुनानक खालसा कॉलेज और दयाल सिंह कालेज ने नए शिक्षण में उत्साह के साथ स्कूली बच्चों को कालेज में दाखिल करने की तैयारी जारी रखी है। कालेजों ने प्रोस्पेक्टस बनवाने के आर्डर जारी कर दिए हैं। राजकीय महाविद्यालय और दयाल सिंह कॉलेज के बीच दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में होड़ रहती आई है। लेकिन अब डीएवी कॉलेज और खालसा कॉलेज उन दोनों कॉलेजों का तिलिस्म तोड़ने को तैयार हैं। इसी बीच केवीए डीएवी महिला महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय छात्राओं के पसंदीदा है। आर्थिक आधार पर उन दोनों कॉलेजों में छात्राएं दाखिला लेती हैं, लेकिन यह दोनों कॉलेज ही प्रतिबद्धता के साथ शिक्षा देते हैं। शहर के कॉलेजों में इस बार करीब 30 हजार से ज्यादा प्रोस्पेक्टस छपने का अनुमान है।

07:45 | Posted in | Read More »

हड़ताल के मद्देनजर सुरक्षा के निर्देश


करनाल,  : रोडवेज कर्मचारियों की 8 जून को होने वाली हड़ताल के मद्देनजर जिले में सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के लिए एसपी ने दिशा-निर्देश दिए। एसपी राकेश आर्य ने जीएम रोडवेज के साथ जिले के सभी आला अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक बुलाई। उसमें निर्देश दिए गए कि ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए और जो ड्यूटी में बाधा डाले उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस लाइन में सोमवार शाम एसपी राकेश आर्य ने जीएम रोडवेज, वर्कशाप मैनेजर, डीएसपी सुरेंद्र भौरिया और जिले के सभी थाना तथा चौकी प्रभारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया। बैठक में पूरे जिले की सुरक्षा का खाका तैयार किया गया और संबंधित थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में चौकसी बरतने के निर्देश दिए। जो क्षेत्र संवेदनशील हैं, वहां पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा। उन क्षेत्रों में क्रेन तैनात की जाएगी। जिले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। बैठक में डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह, राजेश कुमार, किरत पाल सिंह और मदनलाल के अलावा सभी थाना प्रभारी मौजूद थे। एसपी ने लोगों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें।

07:44 | Posted in | Read More »

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला लापता


करनाल : दुर्गा कालोनी की रहने वाली महिला शारदा एक सप्ताह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। शारदा के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई है। थाना सदर पुलिस के अनुसार शारदा 29 मई को अपने घर से गई थी, जो आज तक नहीं लौटी। उसने पीले रंग का सूट और आसमानी रंग का सलवार पहन रखा है। उसके लापता होने पर पुलिस ने गुमशुदगी की रपट दर्ज की है।
जान से मारने की धमकी
करनाल : रंजिश में राहड़ा निवासी सूरजभान को धमकाने के आरोप में पुलिस ने इसी गांव के सोनू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूरजभान का कहना है कि सोनू ने उसे 11 मई को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

07:43 | Posted in | Read More »

जनता हुई बाबा के समर्थन में एकजुट


करनाल, जागरण संवाद केंद्र : दिल्ली के रामलीला मैदान में बाबा रामदेव के सत्याग्रह के दौरान किए गए लाठीचार्ज के विरोध में जनता की आवाज मुखर हो गई है। असंध में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी, जबकि निसिंग में भी प्रदर्शन हुआ। संस्थाओं ने पुलिस की कार्रवाई की जमकर निंदा की।
असंध के संवाद सहयोगी के अनुसार सनातन धर्म मंदिर में साई सेवा समिति, महादेव सेवा दल, बाबा फरीद सेवा कमेटी, आरएसएस और भाजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक में सत्याग्रहियों पर लाठीचार्ज भ‌र्त्सना की गई। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योगपीठ की पहल पर आयोजित बैठक में विचार-विमर्श के बाद जुलूस निकालकर रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बाबा के समर्थन में नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। मुख्य चौक पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाधी का पुतला फूंका गया। अधिवक्तता नरेंद्र शर्मा, परमजीत सिंह, प्रकाश सिंधड़, सतबीर मुनीम, संजय भट्ट, बृज टक्कर, सूबे सिंह बस्सी, विवेक बसंल, विक्रमजीत, जगजीत सिंह, राजेश आदि मौजूद थे।
कस्बे में न्यायिक परिसर में वकीलों की बैठक बुलाई गई। कुलदीप राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में रोष प्रस्ताव परित किया गया। भाजपा के मंडल प्रधान बृज टक्कर और भाजपा किसान मोर्चे के प्रदेश सचिव सम्मान अत्री ने सरकार की कार्रवाई की निंदा की। वकीलों की बैठक में नरेंद्र शर्मा, पीएम कदियान, राजपाल चौधरी, एमपी कौशिक, सोमदत्त शर्मा आदि मौजूद थे।
निसिंग के संवाद सूत्र के अनुसार बाबा रामदेव के सत्याग्रह के समर्थन और दिल्ली में हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में भाजपा, आरएसएस और पतंजलि योग पीठ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गुरुद्वारा चौक पर यूपीए सरकार का पुतला जलाया गया। इस दौरान भारतीय मानव अधिकार मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र टाया, समिति के निसिंग अध्यक्ष जगदीश खुराना ने कहा कि पुतला जलाने के बाद अपनी मांगों का राष्ट्रपति के नाम प्रेषित ज्ञापन नायब तहसीलदार ईश्वर मलिक को सौंपा गया।
भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी जगमोहन आनंद ने कहा कि अब कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है। जनता कांग्रेस की तानाशाही से तंग आ चुकी है। उन्होंने राष्ट्रपति से सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
जनहित सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष जितेंद्र राणा ने यह कार्रवाई जनता के संवैधानिक हक का हनन है। इस दौरान कमल चौधरी, विनय पाठक, शमशेर सिंह, विजय, प्रवीण प्रजापत, भीम सिंह आदि मौजूद थे। समाजसेवी सुनील सगवाल स्टौंडी ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की।

07:43 | Posted in | Read More »

अभिभावक एकता मंच ने उठाई आवाज


करनाल, जासंकें : अभिभावक एकता मंच की बैठक में अभिभावकों ने अपनी मांगों पर विचार-विमर्श करते हुए जिला प्रशासन से स्वीकार की गई मांगों को तुरंत लागू करने की मांग की। सेक्टर छह कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित बैठक में सैकड़ों अभिभावक उपस्थित हुए।
मंच के पदाधिकारी दिनेश नरूला ने कहा कि जिला प्रशासन, सीबीएसई टीम और मंच के साथ कुछ मांगों पर सहमति हुई थी, जिन्हें तुरंत लागू कराया जाए। सीबीएसई टीम की बनाई गई रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए। अभिभावक आंदोलन के समय जिन मुद्दों पर समझौता हुआ था, उन्हें तुरंत लागू किया जाए। सोमवार को मंच के सदस्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी से बात की। नरूला ने बताया कि अधिकारी ने सभी निजी स्कूलों को पत्र जारी कर हरियाणा एजूकेशन कोड और सीबीएसई कोड का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नवीन अग्रवाल, दीपक चौधरी, सुनील चौधरी, संजय सचदेवा, अमित, राजीव भुटानी, कमलजीत, अश्विनी, संजय गुलाटी, ललित सीकरी आदि मौजूद थे।

07:42 | Posted in | Read More »

Blog Archive

Recently Commented

Recently Added

Total Pageviews